अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान महिलाओं ने एक महिला को जमीन पर गिराकर डंडों से पीटा। वहीं, उसे बचाने पहुंचे युवक को भी लोगों ने नहीं छोड़ा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक की मां लगातार चीखती और लोगों से उसे बचाने की गुहार लगाती नजर आ रही है, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया।
वायरल वीडियो में चार-पांच महिलाएं जमीन पर गिरी एक महिला पर डंडे बरसाती दिखाई दे रही हैं। इसी बीच एक युवक बीच-बचाव करने पहुंचता है, तो डंडे लेकर खड़े लोग उस पर भी हमला कर देते हैं। युवक खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश करता है, लेकिन हमलावर उसे पीटते हुए दीवार तक पहुंचा देते हैं, जहां टकराकर वह नीचे गिर जाता है। यह वीडियो फेसबुक, व्हाट्सएप और एक्स पर शेयर किया जा रहा है। इसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना अयोध्या जिले के खंडासा थाना क्षेत्र के बकचुना गांव की है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
इस मामले में खंडासा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार सरोज ने गुरुवार शाम बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चार नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दीपक मिश्रा नाम के एक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।