अयोध्या न्यूज डेस्क: सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा के पूरे लाला में जानलेवा हमले के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई कुमारगंज पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया गया। आरोपी और उसके स्वजनों ने न केवल पुलिस टीम पर धावा बोला, बल्कि उनसे पिस्टल और मोबाइल भी छीन लिए। पुलिस अब छीनी गई पिस्टल की तलाश में जुटी है।
कुमारगंज निवासी राहुल मिश्र पर 14 नवंबर को डोभियारा गांव में सुभाष मिश्र और आदर्श सिंह द्वारा बाजार में गोली चलाने का आरोप है, जिसके बाद दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। जब पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने पहुँची, तो घर में मौजूद दारोगा आकिल हुसैन की पिस्टल और मोबाइल छीन लिए गए। इस घटना के बाद पुलिस ने हलियापुर थाने में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गुरुवार सुबह करीब दस बजे सूचना मिली कि आरोपी आदर्श सिंह अपने घर पर मौजूद है। सूचना पाकर उपनिरीक्षक आकिल हुसैन, भानु प्रताप शाही और सिपाही उमेश गौतम मौके पर पहुंचे और आदर्श को पकड़कर घर से बाहर लाने लगे। तभी घर के पुरुषों और महिलाओं ने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया और लाठी, ईंट व पत्थर फेंकने लगे।
आरोप है कि महिलाएं एसआई आकिल हुसैन को घर के अंदर घसीटने की कोशिश कर रही थीं। उन्हें बचाने पहुंचे दारोगा भानु प्रताप शाही पर भी हमला किया गया। उपनिरीक्षक शाही की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। सीओ मिल्कीपुर श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी आदर्श सिंह को पकड़ने गई थी, तभी उन पर हमला हुआ।