अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात एक किसान की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह गांव के बाहर खेत में उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राम तीरथ (45) के रूप में हुई, जो खेती के साथ हैंडपंप मरम्मत का काम भी करते थे। वह शुक्रवार शाम खेत गए थे लेकिन रात भर घर नहीं लौटे।
सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर निकले तो उन्होंने गेहूं की कट चुकी फसल के बीच राम तीरथ का शव पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि राम तीरथ का एक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, इसलिए वह हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है और परिवार गहरे सदमे में है।
मृतक की पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों का गुजारा उन्हीं पर निर्भर था। प्रधान प्रतिनिधि अहमद रजा ने बताया कि उनका परिवार बेहद गरीब है और इस घटना से उनका सहारा छिन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं हैं। मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।