अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के कैंट थाना क्षेत्र में एक मामूली पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुस्तैनी मकान में बने टॉयलेट के इस्तेमाल को लेकर दो भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने कथित तौर पर छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, ककरही बाजार निवासी मौजीराम यादव और उनके छोटे भाई राधेश्याम यादव के बीच लंबे समय से पुस्तैनी मकान में बने टॉयलेट को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह जब राधेश्याम टॉयलेट के लिए पिता के मकान में पहुंचे तो बड़े भाई ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
आरोप है कि गुस्से में मौजीराम यादव घर से चारपाई का पाटा लेकर आए और छोटे भाई पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी की पत्नी और बेटे ने भी राधेश्याम को पकड़ लिया, जबकि मौजीराम लगातार उस पर वार करता रहा। बीच-बचाव करने पहुंची राधेश्याम की पत्नी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी तब तक हमला करता रहा, जब तक राधेश्याम की मौत नहीं हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बाद में पुलिस ने आरोपी मौजीराम यादव और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले की जांच जारी है।