अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे हत्या मानते हुए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान सरेसर चवरढार गांव निवासी 23 वर्षीय अभिषेक दुबे के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस कई एंगल से जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर शाम विट्ठलपुर के पास चौरे बाजार–कनावा मोतीगंज मार्ग किनारे एक निजी स्कूल के पास अभिषेक गंभीर हालत में पड़े मिले थे। उनके शरीर पर चोट के कई गहरे निशान थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और पीआरबी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के छोटे भाई अविनाश दुबे की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि अभिषेक को बेरहमी से पीटा गया और गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस अब आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, अभिषेक अक्सर लंबे समय तक घर से बाहर रहते थे और उनका मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे जांच में पुलिस को कठिनाई हो रही है। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं पर की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी टीम को भी लगाया गया है।