अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के श्री निःशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय में अब छात्रों को आधुनिक तकनीक से जुड़ने का मौका मिलेगा। अडानी फाउंडेशन की पहल पर यहां एक आधुनिक कंप्यूटर लैब तैयार की गई है। इस पहल का मकसद पारंपरिक गुरुकुल शिक्षा को आज की तकनीक और डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है।
दरअसल, अप्रैल 2026 में उद्योगपति गौतम अडानी अपनी पत्नी और अडानी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अडानी, बेटे करण अडानी और बहू परिधि अडानी के साथ अयोध्या पहुंचे थे। परिवार ने राम मंदिर में रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद गौतम अडानी श्री निःशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय पहुंचे और वहां शिक्षकों व छात्रों से मुलाकात की।
बातचीत के दौरान छात्रों ने गौतम अडानी के सामने आधुनिक कंप्यूटर लैब की इच्छा जताई थी। छात्रों की इस मांग को पूरा करते हुए अडानी फाउंडेशन ने गुरुकुल में अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित कर दी। इससे छात्रों को पढ़ाई के साथ कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक सीखने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
गौतम अडानी ने इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने कहा कि छात्रों को तकनीक से जुड़ते देखना बेहद खुशी की बात है। उन्होंने इसे भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और डिजिटल युग के बीच पुल बनाने की कोशिश बताया। उनका कहना है कि इससे नई पीढ़ी को शिक्षा और ज्ञान के नए अवसर मिलेंगे और साथ ही वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी जुड़े रहेंगे।