अयोध्या न्यूज डेस्क: अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में जमीन खरीदने को लेकर द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के संस्थापक और चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा को रात करीब 3 बजे खुद फोन किया था। यह खुलासा अभिनंदन लोढ़ा ने हिंदुस्तान टाइम्स इंडिया नेक्स्ट रियल एस्टेट समिट 2026 के दौरान किया।
अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि साल 2023 में वह ऑस्ट्रेलिया में थे, तभी उन्होंने अपने फोन पर कुछ मिस्ड कॉल और एक मैसेज देखा। मैसेज में लिखा था, "मैं अमिताभ बच्चन हूं, समय मिलने पर कृपया मुझे कॉल करें।"
लोढ़ा ने बताया कि उन्होंने तुरंत अमिताभ बच्चन को फोन किया। बातचीत के दौरान अभिनेता ने कहा, "अभिनंदन जी, मैं उत्तर प्रदेश से हूं और मुझे अयोध्या जी में जमीन लेनी है।"
इसके बाद अमिताभ बच्चन ने जमीन की कीमत पूछी। लोढ़ा ने कहा कि वह उनसे कीमत की बात नहीं करना चाहते थे, लेकिन अभिनेता ने बताया कि उन्हें 15,000 वर्गफुट जमीन खरीदनी है। इस पर लोढ़ा ने अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई। उनके मुताबिक, अगले ही दिन अमिताभ बच्चन ने 15 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
अयोध्या में लगातार बढ़ा रहे हैं निवेश
अमिताभ बच्चन पिछले कुछ वर्षों में अयोध्या में लगातार अपनी रियल एस्टेट निवेश बढ़ा रहे हैं।
मार्च 2026 में उन्होंने द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा से करीब 35 करोड़ रुपये में 2.67 एकड़ जमीन खरीदी थी। कंपनी के अनुसार, यह अयोध्या में उनका तीसरा और कंपनी के साथ चौथा प्लॉट निवेश था। यह जमीन कंपनी की 75 एकड़ की परियोजना 'द सरयू' के पास स्थित है।
इससे पहले मई 2025 में अमिताभ बच्चन ने 'द सरयू' के पास लगभग 40 करोड़ रुपये में 25,000 वर्गफुट का प्लॉट खरीदा था। वहीं, 2024 में उन्होंने इसी परियोजना में 10,000 वर्गफुट का प्लॉट 14.5 करोड़ रुपये में खरीदा था।