अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन साइबर क्राइम पुलिस भी सक्रिय कार्रवाई कर रही है। हाल ही में दो अलग-अलग मामलों में ठगी गई कुल 1,16,997 रुपये की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई गई। इन दोनों मामलों में कुल 3,88,990 रुपये की धोखाधड़ी हुई थी।
पहला मामला दर्शन नगर निवासी निर्मल कुमार का है। उन्होंने 17 फरवरी को कोतवाली अयोध्या में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके क्रेडिट कार्ड से अज्ञात व्यक्ति ने 2,88,990 रुपये की खरीदारी कर ली। प्रभावी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 52,997 रुपये वापस दिलाए।
दूसरा मामला अमरेश कुमार से जुड़ा है। एक ठग ने बैंक अधिकारी बनकर उनके खाते से 1,00,000 रुपये निकाल लिए थे। कोतवाली पुलिस ने दो माह के भीतर कार्रवाई करते हुए 64,000 रुपये की रकम पीड़ित को वापस दिलाई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। इसके अलावा साइबर क्राइम थाना अयोध्या के ईमेल sho-cybercrime.ay@up.gov.in और संपर्क नंबर +91-7839876653 पर भी शिकायत की जा सकती है।