अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के चक्रवर्ती राजा दशरथ राजमहल के पीठाधीश्वर बिंदु गद्याचार्य स्वामी देवेन्द्र प्रसादाचार्य अबू धाबी में फंसने के बाद आखिरकार सकुशल अयोध्या लौट आए। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रद्द होने के कारण वह कुछ दिनों तक वहीं रुके रहे थे।
स्वामी देवेन्द्र प्रसादाचार्य 27 फरवरी को अयोध्या से अबू धाबी स्थित स्वामीनारायण मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गए थे। इसी दौरान मध्य-पूर्व में अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच तनाव बढ़ गया, जिससे कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। इसके चलते वह और उनके साथ गए अन्य लोग वापस नहीं लौट पाए।
उन्होंने बताया कि जहां वे ठहरे हुए थे, वहां से करीब पांच किलोमीटर दूर अमेरिका का एक एयरबेस स्थित है। इस दौरान ईरान की ओर से हमलों की खबरें आती रहीं और धमाकों की आवाज आसपास तक सुनाई देती थी। स्वामी जी के अनुसार, धमाकों की आवाज दिवाली के पटाखों जैसी लगती थी, जिससे वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन जाता था।
स्वामी देवेन्द्र प्रसादाचार्य ने बताया कि इस दौरान भारत सरकार और गृह मंत्रालय से संपर्क किया गया था। सरकार ने भरोसा दिलाया कि वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक दिन उनकी फ्लाइट भी रद्द हो गई थी, लेकिन बाद में व्यवस्था होने पर वह सुरक्षित अयोध्या लौट आए।
उन्होंने कहा कि जब भी धमाके होते थे, तब वे और उनके साथ मौजूद लोग “सीताराम” का जाप करते थे। उन्हें विश्वास था कि प्रभु राम की कृपा से वे सुरक्षित वापस लौटेंगे।