अयोध्या न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2026) के चौथे संस्करण में अयोध्या के पारंपरिक स्वाद और स्थानीय एमएसएमई उत्पाद देश-विदेश के लोगों के सामने पेश किए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले इस ट्रेड शो में रामनगरी की मशहूर कुल्हड़ वाली दही-जलेबी और खुरचन पेड़ा खास आकर्षण रहेंगे। मेले में अयोध्या के पारंपरिक व्यंजनों के साथ स्थानीय कारोबार और हुनर की भी झलक देखने को मिलेगी।
एक जनपद एक व्यंजन योजना के तहत दीप नारायण मौर्या ट्रेड शो में लाइव किचन के जरिए कुल्हड़ वाली दही-जलेबी तैयार करेंगे। वहीं, पम्मी मौर्या फूड पैकेजिंग के तहत खुरचन पेड़ा प्रदर्शित करेंगी। एमएसएमई श्रेणी में पूनम सिंह चिकनकारी से जुड़े उत्पाद लेकर शामिल होंगी, जबकि सूरजकांत बैटरी निर्माण से जुड़े उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे।
उपायुक्त उद्योग प्रभात रंजन शुक्ला ने बताया कि ट्रेड शो में अयोध्या के लिए खास स्टॉल तैयार किया जाएगा। यहां आने वाले लोगों को रामनगरी के पारंपरिक खान-पान के साथ स्थानीय उत्पादों और उन्हें तैयार करने वाले कारोबारियों के बारे में भी जानकारी मिलेगी। स्टॉल के जरिए अयोध्या की संस्कृति, स्वाद और स्थानीय उद्यमिता को एक साथ सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, इस ट्रेड शो से अयोध्या की एमएसएमई इकाइयों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने और कारोबार के लिए नई साझेदारी के अवसर मिल सकते हैं। दही-जलेबी और खुरचन पेड़ा जहां अयोध्या की पुरानी खान-पान की परंपरा को दिखाएंगे, वहीं चिकनकारी और बैटरी से जुड़े उत्पाद स्थानीय लोगों के हुनर और उद्यमिता की झलक पेश करेंगे।