अयोध्या न्यूज डेस्क: इस बार दीपोत्सव में अयोध्या का नजारा और भी खास होने वाला है। 6 से 8 नवंबर तक होने वाले दीपोत्सव-2026 में शहर को रामायण की थीम पर सजाया जाएगा और 7 नवंबर को मुख्य दीपोत्सव होगा। प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक सजावट की जाएगी। इस दौरान सजावटी द्वार, वे-फाइंडर, सेल्फी प्वाइंट, आर्ट इंस्टॉलेशन, राम रथ और पुष्पक विमान लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
रामनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत 10 भव्य सजावटी द्वारों से किया जाएगा। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की तरफ से आने वाले रास्तों और धर्म पथ पर बनाए जाने वाले इन द्वारों की थीम और डिजाइन अलग-अलग होगी। रामायण के प्रसंगों पर आधारित रोशनी और सजावट के जरिए यहां पहुंचते ही लोगों को दीपोत्सव का माहौल महसूस होगा। वहीं, रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी तक आर्ट इंस्टॉलेशन लगाए जाएंगे और करीब 10 जगहों पर वे-फाइंडर भी लगाए जाएंगे।
राम की पैड़ी के पास पुष्पक विमान की थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा। राम रथ और झांकी के जरिए रामायण के प्रसंगों को दिखाया जाएगा, जबकि राम की पैड़ी के पास राम दरबार की प्रस्तुति होगी। रामकथा पार्क के पास हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे बनाए जाएंगे। सरयू और राम की पैड़ी पर फ्लोटर्स लगाए जाएंगे और प्रमुख रास्तों पर फ्लैग पोल से सजावट की जाएगी। इसके साथ ही रामकथा पार्क के स्थायी मंच को भी नए अंदाज में सजाया जाएगा, जहां एलईडी स्क्रीन, रंगीन थीम आधारित कपड़े, फूलों की सजावट और रंगोली के साथ ध्वनि-प्रकाश की व्यवस्था रहेगी।
अयोध्या के प्रमुख रास्तों के किनारे रामायण के अलग-अलग कांड और प्रसंग भी आर्ट इंस्टॉलेशन के जरिए दिखाए जाएंगे। लंका कांड समेत कई प्रमुख प्रसंगों को आसान भाषा में एक-एक लाइन के जरिए समझाने की योजना है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नए रचनात्मक अंदाज में पेश किया जाएगा। वहीं, अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि रामायण थीम पर सजावटी द्वार, सेल्फी प्वाइंट, रोशनी और कलात्मक स्थापनाओं के जरिए रामनगरी को आधुनिक रचनात्मकता के साथ भव्य रूप दिया जा रहा है।