अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में रविवार शाम सरयू नदी पर बड़ा हादसा टल गया। टूरिज्म विभाग की एक मोटर बोट अचानक खराब हो गई और धारा के साथ करीब 7 किलोमीटर बहती चली गई। बोट में बिहार, कोलकाता और आज़मगढ़ से आए 6 लोग सवार थे। हालात बिगड़ते इससे पहले ही SDRF और जल पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
शाम करीब 5 बजे नदी के बीचोंबीच बोट का इंजन बंद हो गया। चालक रामबाबू ठाकुर (मुजफ्फरपुर, बिहार) ने कई बार मरम्मत की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। नतीजा यह हुआ कि बोट धारा के साथ बहते-बहते बालू घाट चौकी, दर्शन नगर इलाके तक पहुंच गई। देर रात करीब 11 बजे चालक ने नया घाट चौकी और अधिकारियों को सूचना दी।
जैसे ही खबर प्रशासन तक पहुंची, तुरंत अलर्ट जारी कर दिया गया। सीओ आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में SDRF और जल पुलिस की टीम मौके पर रवाना हुई। रात 12 बजे तक सभी छह लोगों को सुरक्षित निकालकर नया घाट लाया गया। अधिकारियों ने माना कि अगर रेस्क्यू में थोड़ी भी देरी होती तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भी हड़कंप मच गया था। राहत की बात यह रही कि सभी सवार सुरक्षित हैं। SDRF और जल पुलिस की तत्परता ने सभी को चैन की सांस दिला दी। प्रशासन अब मामले की जांच कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।