अयोध्या न्यूज डेस्क: संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में उनके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने भगवा वस्त्र पहनकर अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर ऐसा प्रदर्शन किया, जिससे संत समाज और सनातन धर्म की भावनाएं आहत हुईं।
पुलिस के अनुसार, शिकायत शुक्रवार रात दर्ज कराई गई है। जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) ने बताया कि मामले में कानूनी राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव, अवधेश कुमार समेत अन्य विपक्षी नेताओं के नाम भी शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सभी नेताओं ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला 31 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के दौरान हुए विपक्ष के प्रदर्शन से जुड़ा है। इंडिया गठबंधन के सांसदों ने मकर द्वार के पास राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी और छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शन के दौरान मकर द्वार की सीढ़ियों पर दान पेटियां रखी गई थीं। पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर पुजारी की भूमिका में बैठे थे। नाटक के दौरान विपक्षी सांसद दान पेटी में पैसे डालते दिखे, जबकि पप्पू यादव प्रतीकात्मक रूप से उन पैसों को अपनी जेब में रखते नजर आए। विपक्ष का कहना है कि यह प्रदर्शन राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर जवाबदेही की मांग के लिए किया गया था।
वहीं, भाजपा ने इस प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के संरक्षण में संसद परिसर में सनातन धर्म, संत परंपरा, भगवा वस्त्र और भगवान श्रीराम का अपमान किया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।
हालांकि, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को उठाना और सरकार से जवाब मांगना था। अब इस मामले ने राजनीतिक विवाद के साथ-साथ कानूनी रूप भी ले लिया है।