अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या जनपद की रुदौली तहसील के सैदपुर क्षेत्र में आज सुबह से लगातार बारिश हो रही है। करीब सुबह 5 बजे शुरू हुई इस बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि कई किसानों की धान की कटी हुई फसल खेतों में पड़ी थी। लगातार हो रही बरसात के कारण अब फसल के भीगने और सड़ने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय किसान विशाल रावत ने बताया कि उनकी करीब चार एकड़ धान की फसल कटकर खेत में पड़ी थी, जो बारिश की वजह से पूरी तरह से भीग चुकी है। उनका कहना है कि अगर मौसम जल्द नहीं सुधरा तो पूरी फसल खराब हो सकती है और उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ेगा।
वहीं, कुछ किसानों का मानना है कि यह बारिश सभी फसलों के लिए नुकसानदेह नहीं है। किसानों जेपी, शुभम और अमित ने कहा कि जहां धान की कटी फसल को नुकसान हो सकता है, वहीं गन्ना, फल और सब्जियों जैसी फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है।
किसानों ने प्रशासन से अपील की है कि खेतों का सर्वे करवाकर नुकसान का आकलन किया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। फिलहाल, क्षेत्र के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है।