अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के कल्याण सिंह वार्ड में लगातार हो रही बारिश ने छुट्टा पशुओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों और खुले मैदानों में पानी भरने से जहां उनके लिए मिलने वाली हरी घास डूब गई है, वहीं बारिश से बचने के लिए पशु दीवारों और टीन शेड के नीचे खड़े रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आम दिनों में पशुपालक दूध निकालने के बाद पशुओं को बाहर छोड़ देते हैं। ये पशु दिनभर खेतों और मैदानों में घूमकर हरी घास खाकर अपना गुजारा करते हैं। लेकिन कई दिनों से जारी बारिश के कारण अब खुले इलाकों में पानी भर गया है और पशुओं के लिए चारे का इंतजाम मुश्किल हो गया है।
बारिश में लगातार भीगने की वजह से कई पशुओं के बीमार पड़ने की भी बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूखे-प्यासे पशु एक ही जगह खड़े होकर बारिश रुकने का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। उनके पास न तो पर्याप्त चारा है और न ही सुरक्षित जगह।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के दौरान छुट्टा पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की जाए और उन्हें सुरक्षित आश्रय दिया जाए। उनका कहना है कि लगातार खराब मौसम के बीच पशुओं को खुले में छोड़ना उनके लिए परेशानी बढ़ा रहा है, इसलिए प्रशासन को जल्द इस ओर ध्यान देना चाहिए।