अयोध्या न्यूज डेस्क: स्थानीय लोगों—संजय पांडे, गणेश पांडे, राजेश पांडे, शशि पांडे और सतीश पाठक—का कहना है कि यह मार्ग रसूलाबाद-दर्शन नगर से आचारीसगरा को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां दिन-रात वाहनों और पैदल यात्रियों की लगातार आवाजाही बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार खेतों की सिंचाई के लिए बनाया गया ट्यूबवेल का हौदा सड़क के बिल्कुल किनारे और सड़क के बराबर ऊंचाई पर स्थित है, जिसके कारण रात के समय या बारिश में यह स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
गणेश पांडे ने बताया कि पिछले दो से तीन महीनों में इस स्थान पर दो बाइक सवार और एक बुजुर्ग राहगीर गिरकर घायल हो चुके हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अवर अभियंता द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस ट्यूबवेल को सुरक्षित ढंग से ढका या हटाया नहीं गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग से तुरंत हस्तक्षेप कर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। वहीं विभागीय अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हौदे को ऊंचा कर सुरक्षित किया जाएगा।