अयोध्या न्यूज डेस्क: चैत्र रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में श्रीराम लला के दर्शन और पवित्र सरयू नदी में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। गुरुवार को परिवहन निगम की 15 रोडवेज बसों से श्रद्धालु जय श्रीराम के जयकारों के साथ अयोध्या के लिए रवाना हुए। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने कुल 30 बसों के संचालन की व्यवस्था की है, जो 28 मार्च तक चलेंगी। गुरुवार को अकबरपुर डिपो से शाम चार बजे तक 15 बसें रवाना की गईं, जबकि शेष बसें शुक्रवार सुबह छह बजे से चलाई जाएंगी। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शुक्रवार सुबह से बसें सभी तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे श्रद्धालु अपने-अपने क्षेत्रों से सीधे अयोध्या के लिए प्रस्थान कर सकेंगे। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कुंवर हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि रामनवमी मेले को देखते हुए विशेष बस सेवा शुरू की गई है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसका लाभ उठा रहे हैं।
वहीं, जय बाबा डम्मर दास व निहाल दास मंशापुर कुटी पर लगने वाले दो दिवसीय अंतरजनपदीय मेले की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। शुक्रवार सुबह महंत सुखराम दास के नेतृत्व में पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ होगा। मेला परिसर में आसपास के जिलों से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पीएसी और स्थानीय थानों की पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि सुबह चार बजे से मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।