अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में लगातार बदलते मौसम और बढ़ती उमसभरी गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर साफ नजर आने लगा है। जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हाल ही में हुई बारिश के बाद ओपीडी में थोड़ी राहत देखने को मिली थी, लेकिन पिछले तीन दिनों से बढ़ी गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी फिर बढ़ा दी है।
जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी 500 के पार पहुंच गई। अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, लूज मोशन, एनीमिया और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। खासतौर पर बच्चों में उल्टी-दस्त की शिकायत ज्यादा सामने आ रही है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गनेश लाल ने बताया कि इन दिनों बच्चों में डिहाइड्रेशन और उल्टी-दस्त के मामले तेजी से बढ़े हैं। सोमवार को ही आठ बच्चों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि मौसम में अचानक बदलाव और तेज गर्मी बच्चों की सेहत पर बुरा असर डाल रही है। अभिभावकों को बच्चों को धूप से बचाने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ देने की सलाह दी गई है।
वहीं, डॉ. प्रशांत वर्मा ने बताया कि बुखार, सर्दी-जुकाम और एनीमिया के मरीजों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर उन्हें भर्ती भी किया जा रहा है।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवि पाण्डेय ने बताया कि अस्पताल में सभी जरूरी दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बढ़ते तापमान और उमस को देखते हुए दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें, बच्चों को समय-समय पर ओआरएस का घोल दें और धूप में निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।