अयोध्या न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सरयू नदी पुल के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांवड़ यात्रा पर आए एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय आकाश यादव के रूप में हुई है, जो गोरखपुर से सरयू नदी का जल लेने अयोध्या आया था।
श्रीराम अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल यादव ने बताया कि आकाश यादव को ट्रक ने कुचल दिया था। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया, लेकिन प्राथमिक जांच और ईसीजी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दूसरे श्रद्धालु को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, आकाश यादव गोरखपुर जिले के गुलहरिया बाजार क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे के समय उनके साथ 10 से 12 साथी भी मौजूद थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक की तलाश की जा रही है।
वहीं, सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी विशेष अभियान शुरू किया है। यात्रा मार्ग पर मौजूद होटल, ढाबों और खाद्य दुकानों पर जांच तेज कर दी गई है। श्रद्धालुओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए सभी दुकानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपाशंकर सिंह ने कहा कि सावन के दौरान मिलावट, अधिक कीमत वसूलने और लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।