ताजा खबर

खीरी में कांवड़ियों से भरी बस पलटी, एक की मौत; 40 घायल, 8 गंभीर

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, August 12, 2026

अयोध्या न्यूज डेस्क: खीरी जिले में बुधवार तड़के कांवड़ियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। हरिद्वार से अयोध्या जा रही बस उचौलिया गुरुद्वारा के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में करीब 70 श्रद्धालु सवार थे।

हादसे में करीब 40 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें 50 वर्षीय हरिशंकर लाल यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, आठ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी आठों को बेहतर इलाज के लिए शाहजहांपुर रेफर किया गया।

खाई में पलटी बस, मची चीख-पुकार

बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी श्रद्धालु बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया क्षेत्र के रहने वाले थे। बुधवार सुबह उचौलिया गुरुद्वारा के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई।

बस खाई में जाने के बाद भी सीधी स्थिति में रुक गई। इससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला।

इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

आठ घायलों की हालत गंभीर

गंभीर रूप से घायल लांभा देवी, सरल मेहता, सुखदेव दास, सूगी देवी, हीरालाल, सुशीला देवी, सुगाता देवी और बस चालक सलाउद्दीन को प्राथमिक उपचार के बाद शाहजहांपुर रेफर किया गया।

अन्य घायलों का इलाज सीएचसी पसगवां में किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में जुटी रही।

चालक को झपकी आने की आशंका

उचौलिया थाना प्रभारी अवध राज सिंह सेंगर के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हुई है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को झपकी आना बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अयोध्या और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ayodhyavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.