अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र (सिविल लाइंस) से एक अनोखा और दिलचस्प मामला सामने आया है, जहां एक बंदर एक महिला के 42,105 रुपये लेकर भाग गया। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए बंदर को केला खिलाकर पूरे पैसे सुरक्षित बरामद कर महिला को सौंप दिए।
अंजू देवी नामक महिला के पास रखे 42,105 रुपये लेकर एक बंदर अचानक भाग निकला और एक जगह जाकर बैठ गया। स्थानीय लोगों के काफी प्रयास के बाद भी जब बंदर ने पैसे नहीं छोड़े, तो घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर अशोक कुमार, सब-इंस्पेक्टर पंकज सिंह, हेड कांस्टेबल कुलदीप यादव और कांस्टेबल अंकित ने बिना किसी हड़बड़ी के स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मियों ने बंदर को खाने के लिए केला दिया, और जैसे ही बंदर केला खाने में व्यस्त हुआ, पुलिस ने उसके पास रखे सारे पैसे सुरक्षित निकाल लिए। पूरे पैसे वापस मिलने पर पीड़ित महिला और स्थानीय लोगों ने पुलिस की बुद्धिमत्ता की जमकर तारीफ की।