अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीद अभियान तेज गति से आगे बढ़ रहा है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 96.22 प्रतिशत खरीद पूरी कर ली गई है, जिससे 14,294 किसानों को सीधा लाभ मिला है।
जिले को इस वर्ष 68,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया था। इसके मुकाबले अब तक 65,431.253 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। खास बात यह है कि यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 5,431 मीट्रिक टन अधिक है, जिससे किसानों में उत्साह देखा जा रहा है।
समर्थन मूल्य पर खरीद की जिम्मेदारी छह एजेंसियों को सौंपी गई थी। खाद्य विपणन विभाग ने सबसे अधिक 30,607.260 मीट्रिक टन धान खरीदा, जबकि पीसीएफ ने 15,896.374 मीट्रिक टन, पीसीयू ने 8,468.019 मीट्रिक टन, यूपीएसएस ने 6,899.620 मीट्रिक टन, मंडी समिति ने 916.900 मीट्रिक टन और भारतीय खाद्य निगम ने 2,643.080 मीट्रिक टन धान की खरीद की।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी धन्नजय सिंह ने बताया कि खरीदे गए धान का 97.17 प्रतिशत भुगतान किसानों के खातों में भेजा जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य से अधिक धान खरीद पूरी कर ली जाएगी।