अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या जिले के मसौधा विकासखंड की महावां ग्राम पंचायत स्थित श्रीकृष्ण का पुरवा गांव में नाली व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की सफाई और मरम्मत समय पर न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं तथा कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से घरों के सामने और मुख्य मार्गों पर लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहता है। इससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ रहा है।
गांव निवासी केसरी यादव ने बताया कि नाली की समस्या कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। वहीं राकेश यादव का कहना है कि सड़कों पर फैले गंदे पानी के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया है और फिसलकर गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
बिंदेश्वरी प्रसाद यादव, प्रवेश यादव और चंन्दगी प्रसाद यादव ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नालियों की सफाई, मरम्मत और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।