अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के हैदरगंज थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक पर कुल्हाड़ी और हथौड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। यह घटना 19 अक्टूबर की सुबह हैदरगंज-बेरुगंज मार्ग पर हुई। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, वहीं पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता रामचन्द्र तिवारी ने बताया कि विपक्षी ज्ञान चन्दर, प्रेमचन्दर तिवारी, कंचन तिवारी और मान्सी उनके दो कमरों पर कब्जा करने पहुंचे थे। उन्होंने ताला तोड़कर अंदर रखा भूसा, गैस बटला और सिलाई मशीन जैसे सामान बाहर फेंक दिए। जब रामचन्द्र ने इसका विरोध किया, तो ज्ञान चन्दर ने उनके हाथ पर कुल्हाड़ी से वार किया, जबकि कंचन ने हथौड़ी से सिर पर चोट पहुंचाई।
हमले के वक्त प्रेमचन्दर और मान्सी लाठियों से लैस थे और उन्होंने भी रामचन्द्र को पीटा। घायल के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो हमलावरों ने धमकियां देते हुए मौके से भागने की कोशिश की। रामचन्द्र ने पुलिस से इन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी विवेक राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।