अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर की दिनचर्या में बदलाव की घोषणा की है। गुरुवार से लागू होने वाली नई व्यवस्था के तहत अब रामलला के दर्शन का समय पहले से लगभग 45 मिनट कम कर दिया गया है। पहले सुबह साढ़े छह बजे से रात साढ़े नौ बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकते थे, लेकिन अब यह अवधि घटकर सुबह सात बजे से रात सवा नौ बजे तक की रह जाएगी। यानी दर्शन का कुल समय अब 13 घंटे 45 मिनट का होगा।
ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि शीत ऋतु के आगमन को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है। नई समय-सारिणी के अनुसार अब रामलला की मंगला आरती सुबह साढ़े चार बजे, श्रृंगार आरती साढ़े छह बजे और शयन आरती रात साढ़े नौ बजे संपन्न होगी। पहले ये आरतियां क्रमशः चार बजे, छह बजे और दस बजे होती थीं।
मंदिर में दर्शन सुबह सात बजे से शुरू होंगे, जबकि श्रद्धालुओं का प्रवेश डी-वन प्वाइंट (रामजन्मभूमि पथ) से सुबह साढ़े छह बजे से कराया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे से एक बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे से रात सवा नौ बजे तक फिर से दर्शन किए जा सकेंगे। हालांकि श्रद्धालुओं को डी-वन प्वाइंट से रात नौ बजे तक ही प्रवेश मिलेगा।
रात्रि साढ़े नौ बजे से शयन आरती आरंभ होगी, जिसमें शामिल होने वाले पासधारक भक्तों को आरती शुरू होने के 15 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर के प्रथम तल पर प्रतिष्ठित राम दरबार की आरती भी इसी नई समय-सारिणी के अनुसार होगी। इस बदलाव से दर्शन की अवधि भले कम हो गई हो, लेकिन भक्तों की सुविधा और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है।