अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार शाम से पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई, जहां लोग बड़ी संख्या में डीजल और पेट्रोल भरवाने पहुंच रहे हैं। ईंधन की कमी की आशंका के चलते ग्रामीण स्टॉक जमा करने में जुट गए हैं, हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि किसी प्रकार की कमी नहीं है।
इस समय किसानों के लिए डीजल की मांग बढ़ना स्वाभाविक है, क्योंकि दलहन और तिलहन फसलों की कटाई और मड़ाई का काम जोरों पर है। किसानों का कहना है कि जल्द ही गेहूं की मड़ाई भी शुरू होगी, जिससे ईंधन की जरूरत और बढ़ जाएगी। ऐसे में सप्लाई को लेकर चिंता भी बढ़ रही है।
मिल्कीपुर तहसील के बरई पारा स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार को जैसे ही नई खेप पहुंची, वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीण डिब्बे, बोतलें और वाहन लेकर तेल भरवाने के लिए लाइन में लग गए। आसपास के गांवों में खबर फैलते ही लोग तेजी से पेट्रोल पंपों की ओर पहुंचने लगे।
किसान ओम प्रकाश सिंह, रामचेत, सुधीर कुमार पाण्डेय, रामबली तिवारी, ओम प्रकाश तिवारी, राजू और संजय तिवारी समेत कई लोगों ने चिंता जताई कि अगर समय पर डीजल नहीं मिला तो तैयार फसल को नुकसान हो सकता है। मौसम में बदलाव की आशंका भी किसानों की परेशानी बढ़ा रही है।
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि करीब 13 लाख लीटर पेट्रोल और 18 लाख लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।