अयोध्या न्यूज डेस्क: महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा में उस समय हलचल मच गई जब एक युवक दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। सीआईएसएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। इस मामले में सीआईएसएफ के उप निरीक्षक ने नगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।
उप निरीक्षक रविंद्र सिंह के अनुसार बुधवार को सुबह छह बजे से दोपहर एक बजे तक उनकी ड्यूटी वाच टॉवर संख्या पांच पर थी। गश्त के दौरान करीब 11:30 बजे उन्होंने पिलर संख्या 1330 के पास एक व्यक्ति को एयरपोर्ट की दीवार पर चढ़ते हुए देखा। उन्होंने युवक को बाहर जाने के लिए आवाज दी, लेकिन वह दीवार के ऊपर लगे तारों में उलझते हुए अंदर कूदने का प्रयास करने लगा।
सुरक्षाबलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान पास के राजा बोध का पुरवा निवासी रोहित के रूप में हुई। नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल जांच में सामने आया है कि युवक आसपास के ही गांव का रहने वाला है और एयरपोर्ट के आसपास की जमीन स्थानीय लोगों की ही है। अभी तक किसी संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले की जांच जारी है।