अयोध्या न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश में स्कूलों और धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकियां देने के मामले में जांच एजेंसियों को एक बड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली है। कानपुर से पकड़े गए अंकित शंखवार पर आरोप है कि उसने करीब 22 लाख जीमेल अकाउंट पाकिस्तान और बांग्लादेश में मौजूद लोगों को बेचे थे। शुरुआत में उसके लैपटॉप से पांच लाख ईमेल आईडी मिलने की बात सामने आई थी, लेकिन आगे की पूछताछ और डिजिटल जांच में यह संख्या काफी ज्यादा निकली है।
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) को शक है कि बेचे गए इन ईमेल अकाउंट्स में से कुछ का इस्तेमाल अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को धमकी भरे संदेश भेजने के लिए किया गया हो सकता है। इस आशंका को देखते हुए एटीएस ने गूगल से संपर्क कर करीब 22 लाख जीमेल अकाउंट बंद करने की मांग की है। एजेंसी का कहना है कि इन खातों का इस्तेमाल आगे किसी आपराधिक गतिविधि के लिए न हो, इसलिए इन्हें ब्लॉक कराना जरूरी है।
जांच में यह भी पता चला है कि अंकित सिर्फ ईमेल आईडी बेचने का काम नहीं करता था, बल्कि बड़ी संख्या में खुद भी अकाउंट तैयार करता था। इसके अलावा दूसरे स्रोतों से जुटाई गई आईडी भी विदेशी खरीदारों को उपलब्ध कराता था। वह खरीदारों को अकाउंट के पासवर्ड और रिकवरी से जुड़ी जानकारी भी देता था। एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन अकाउंट्स को आगे किन लोगों तक पहुंचाया गया और इनके लिए भुगतान कैसे किया गया। पूछताछ के दौरान पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्किये और मिस्र समेत कई देशों के लोगों और समूहों से संपर्क की जानकारी भी मिली है।
दरअसल, 4 नवंबर को अयोध्या और वाराणसी के सरकारी कार्यालयों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले थे। इन संदेशों में अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। अब एटीएस उन ईमेल अकाउंट्स की पहचान कर रही है, जिनसे ये धमकियां भेजी गई थीं। एजेंसी अंकित के नेटवर्क से मिले डेटा का इन खातों से मिलान करने के साथ यह भी जांच रही है कि धमकी भरे संदेश कहां से भेजे गए और इसके पीछे कौन लोग काम कर रहे थे।