अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच शुरू होने जा रही नई ट्रेन सेवा को लेकर नेपाल के पर्यटन कारोबारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनकपुर की ट्रैवल कंपनियां भारतीय श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खास टूर पैकेज तैयार कर रही हैं। इस ट्रेन सेवा का उद्घाटन अगले सप्ताह की शुरुआत में होना है। जनकपुर के ट्रैवल कंपनी संचालक बीरेंद्र साह ने बताया कि अब तक उनकी कंपनी सड़क और हवाई मार्ग से आने वाले पर्यटकों के लिए पैकेज बनाती थी, लेकिन ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद भारतीय यात्रियों के लिए अलग योजनाएं तैयार की जा रही हैं। भारतीय रेलवे ने जनकपुरधाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है।
भारतीय रेल मंत्रालय के मुताबिक, यह ट्रेन रामायण परंपरा से जुड़े दो प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी। जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि माना जाता है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचेंगे और इसी दौरान ट्रेन सेवा का उद्घाटन प्रस्तावित है। करीब 604 किलोमीटर लंबा यह रेल मार्ग जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट तक जाएगा। रास्ते में जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर समेत कई स्टेशन होंगे। ट्रेन हर शनिवार को जनकपुरधाम से और सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए सफर आसान होने की उम्मीद है।
बीरेंद्र साह का अनुमान है कि ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद भारतीय पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल उनकी कंपनी कारोबारी संपर्कों के जरिए हर महीने 40 से 60 भारतीय पर्यटकों की यात्रा का इंतजाम करती है, लेकिन नई ट्रेन शुरू होने के बाद यह संख्या करीब 500 तक पहुंच सकती है। हालांकि, बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक बिना किसी ट्रैवल एजेंसी की मदद के भी जनकपुर पहुंचते हैं। साह का कहना है कि इस रेल कनेक्टिविटी के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए प्रचार और जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत होगी। जनकपुर के जानकी मंदिर के पुजारी रोशन दास के मुताबिक, यहां रोजाना करीब 1,000 से 5,000 श्रद्धालु आते हैं। गर्मियों में भारतीय श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है, जबकि सर्दियों में नेपाली भक्त ज्यादा पहुंचते हैं। उन्हें उम्मीद है कि ट्रेन सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं की संख्या दो से तीन गुना तक बढ़ सकती है।
नेपाल के पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि इस रेल सेवा से जनकपुर के साथ देश के दूसरे धार्मिक स्थलों को भी फायदा होगा। भारत और नेपाल मिलकर रामायण सर्किट को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके तहत भारतीय पर्यटकों को जनकपुर के जानकी मंदिर के अलावा काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर और मुस्तांग जिले के मुक्तिनाथ मंदिर तक ले जाने के लिए विशेष पैकेज तैयार किए जा सकते हैं। नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के मधेश प्रदेश के ट्रैवल एंड एयर ट्रांसपोर्ट कमेटी के अध्यक्ष मोहन प्रसाद शर्मा ने कहा कि अगर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं में से सिर्फ 2 से 5 प्रतिशत लोगों को भी जानकी मंदिर तक लाया जा सके, तो स्थानीय पर्यटन को बड़ा फायदा होगा। नई ट्रेन सेवा से रास्ते में पड़ने वाले सीमावर्ती इलाकों के होटल, ट्रैवल कंपनियों, दुकानदारों और स्थानीय कारीगरों को भी रोजगार और कारोबार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।