ताजा खबर

लाखों की लागत से बना अरमारुपीपुर का ओपन जिम बदहाल, टूटे उपकरण और झाड़ियों के बीच गंदगी का अंबार

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, November 18, 2026

अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या के मिल्कीपुर विकासखंड की अरमारुपीपुर ग्राम पंचायत में बना ओपन जिम और सार्वजनिक पार्क देखरेख के अभाव में बदहाल हो चुका है। लाखों रुपये खर्च कर तैयार किए गए इस पार्क में अब न तो व्यायाम के उपकरण ठीक हालत में हैं और न ही सफाई की व्यवस्था है। जगह-जगह गंदगी फैली है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पार्क को दोबारा ठीक कराने की मांग की है।

पार्क में लगे ज्यादातर जिम उपकरण टूट चुके हैं या उन पर जंग लग गई है। चारों तरफ झाड़ियां उग आई हैं, जिनमें जहरीले जीव-जंतुओं के छिपे होने का डर ग्रामीणों को सता रहा है। शाम होते ही यहां अंधेरा छा जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान पार्क में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। टहलने के लिए बनाया गया ट्रैक भी टूट चुका है और चारदीवारी के किनारे लगी जालियां भी कई जगह से क्षतिग्रस्त हैं।

स्थानीय युवाओं जितेंद्र, विवेक, सौरभ और रमेश का कहना है कि आसपास खेलकूद और कसरत के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है। ऐसे में यह ओपन जिम ही युवाओं के लिए एकमात्र सहारा था, लेकिन उपकरण खराब होने से उनका इस्तेमाल करना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार शिकायत करने के बावजूद पार्क की हालत में सुधार नहीं हुआ। रुपीपुर सफदर भारी और आसपास के गांवों के लोगों ने सफाई, झाड़ियों की कटाई, उपकरणों की मरम्मत और रोशनी व सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि पार्क की मरम्मत होने से रुपीपुर ग्राम पंचायत के दर्जनों गांवों के युवाओं और बुजुर्गों को इसका लाभ मिल सकेगा। वहीं, ग्राम प्रधान (प्रशासक) धर्म चंद्र मौर्या ने बताया कि कुछ दिन पहले पार्क में दवा का छिड़काव कराया गया था। उनके मुताबिक, पार्क के रखरखाव के लिए अलग से बजट नहीं मिलता और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर ही काम कराया जाता है। खराब उपकरणों की जानकारी पंचायत सचिव और एडीओ पंचायत को दे दी गई है।


अयोध्या और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. ayodhyavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.