अयोध्या न्यूज डेस्क: भारतीय रेलवे कल से नई अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट सरयू कमला एक्सप्रेस की नियमित सेवा शुरू करने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने 23 नवंबर, सोमवार को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। यह भारत और नेपाल के बीच शुरू होने वाली पहली सीधी यात्री रेल सेवा है। इसके शुरू होने से दोनों देशों के बीच रेल से सफर करने वाले यात्रियों को सीधा कनेक्शन मिलेगा।
ट्रेन की नियमित सेवा शुरू होने से पहले यात्रियों को इसकी टिकट बुकिंग और यात्रा से जुड़े नियमों की जानकारी होना जरूरी है। इस ट्रेन का संचालन और रखरखाव पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) जोन की ओर से किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों के लिए कुछ खास नियम तय किए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चंद्रा के मुताबिक, ट्रेन नंबर 15595/15596 यानी जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम सरयू कमला एक्सप्रेस में सिर्फ कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही सफर करने की अनुमति मिलेगी। बिना कन्फर्म टिकट के यात्री इस ट्रेन में यात्रा नहीं कर सकेंगे।
रेलवे के अनुसार, सरयू कमला एक्सप्रेस पूरी तरह आरक्षित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाई जाएगी। यानी इसमें सभी यात्रियों के लिए पहले से सीट आरक्षित होना जरूरी है। भारत और नेपाल के बीच शुरू हो रही इस पहली सीधी यात्री रेल सेवा में सफर करने की योजना बना रहे लोगों को टिकट बुक करते समय इन नियमों का ध्यान रखना होगा।