अयोध्या न्यूज डेस्क: समाजवादी पिछड़ावर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लोटन राम निषाद ने अयोध्या जिले के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी परिवारवादी और वंशवादी पार्टी करार दिया और विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर जनता से सपा को मजबूत करने की अपील की।
निषाद ने उपमुख्यमंत्री की सपा पर की गई टिप्पणी “सुपवा हंसे त हंसे, चलनिया भी हंसे, जिम्मा बहत्तर छेद” का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा बिना सोचे-समझे बयान देती रहती है। उन्होंने भाजपा के परिवारवाद के उदाहरण देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह और उनके परिवार के अन्य सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह जैसे नेताओं का जिक्र किया।
इसके अलावा, उन्होंने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और गृहमंत्री अमित शाह के पुत्रों सहित कई नेताओं के परिवारवाद के उदाहरण भी दिए। निषाद ने बताया कि यह परिवारवाद केवल कुछ नाम तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में फैला हुआ है।
लोटन राम निषाद ने ग्रामीण जनता से डोर-टू-डोर चौपाल लगाकर और चौराहों पर मिलकर पार्टी को मजबूत बनाने की अपील की। इस दौरान लाल जी पाल, महेश कुमार, संजय यादव, दुर्गेश प्रजापति, रविंद्र गुप्ता, राजकुमार निषाद और सपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। उन्होंने भाजपा की तानाशाही और खोखले वादों की भी आलोचना की।