अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में प्रभु श्रीराम की नगरी को दिवाली से एक दिन पहले ही दीपों की रोशनी से सजाया गया, जहां भव्य दीपोत्सव का आयोजन हुआ। इसी अवसर पर कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने दीपोत्सव को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
अयोध्या बॉर्डर सील करने पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण ने सुझाव दिया कि, "हम इस समय अयोध्या विकास प्राधिकरण के दायरे में हैं, जिसमें गोंडा के कई गांव शामिल किए गए हैं। जब दीपोत्सव या अन्य धार्मिक आयोजन होते हैं तो आस-पास के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी होती है, लेकिन रास्तों के बंद होने से लोग परेशान होते हैं। पैदल यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था होनी चाहिए।"
दीपोत्सव में नए रिकॉर्ड बनाए जाने पर बृजभूषण सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह दीपोत्सव मनाया जा रहा है, उससे एक के बाद एक रिकॉर्ड बन रहे हैं। एक दिन ऐसा आएगा जब इसे देखने लोग दूर-दूर से आएंगे। योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी तीर्थ क्षेत्रों के विकास पर ध्यान दिया है, और यह सराहनीय है।
दीपोत्सव के मौके पर सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख दीप जलाए गए, जिससे एक नया रिकॉर्ड स्थापित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर में पहला दीप जलाकर इस भव्य आयोजन की शुरुआत की। 1600 अर्चकों ने सरयू की आरती की। पिछले वर्ष जहां 22 लाख दीयों से दीपोत्सव मनाया गया था, इस बार यह संख्या बढ़कर 28 लाख तक पहुंच गई। अयोध्या पिछले 7 वर्षों से लगातार सबसे अधिक दीप जलाने का रिकॉर्ड बना रही है और इस बार फिर से विश्व रिकॉर्ड बनाया है।