अयोध्या न्यूज डेस्क: नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किए जाने पर अयोध्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन से कचहरी की ओर मार्च करते वक्त पुलिस ने उन्हें रिकाबगंज चौराहे पर ही रोक दिया। इसके बाद वहीं प्रदर्शन कर कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेत नारायण सिंह और महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने आरोप लगाया कि ईडी केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी बेगुनाह हैं और राजनीतिक बदले की भावना से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने चार्जशीट को वापस लेने की मांग की और चेताया कि जब तक ऐसा नहीं होता, देशभर में प्रदर्शन जारी रहेगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अकेले ऐसे नेता हैं जो लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का खुलकर विरोध करते हैं। इसलिए हर चुनाव से पहले ईडी को उनके खिलाफ सक्रिय किया जाता है। इस बार भी बिहार चुनाव से पहले इसी रणनीति के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है ताकि राहुल गांधी की भूमिका कमजोर की जा सके।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। चेत नारायण सिंह ने भी कहा कि हर चुनाव के समय ईडी को विपक्ष के नेताओं के पीछे लगाया जाता है। राहुल गांधी निडर नेता हैं और सरकार की गलत नीतियों पर खुलकर आवाज उठाते हैं, इसलिए उन्हें टारगेट किया जा रहा है।