अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा है। ब्रह्म मुहूर्त से ही रामनगरी के घाटों पर श्रद्धालु सरयू में स्नान कर मठ-मंदिरों में दर्शन और पूजन कर रहे हैं। हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं। वैशाख माह की पूर्णिमा को बुद्ध पूर्णिमा कहा जाता है और इस दिन चंद्रमा की पूजा का विशेष महत्व है।
सरयू घाट पुरोहित संगठन के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय के अनुसार, बुद्ध पूर्णिमा का दिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजन और दान के लिए खास माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता पार्वती की पूजा की जाती है। उन्होंने बताया कि आज के दिन किए गए दान से पित्रों की आत्मा को शांति मिलती है और उनके मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालु स्नान और पूजन कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल है।
बुद्ध पूर्णिमा पर सत्यनारायण कथा और व्रत का भी विशेष महत्व है। पुरोहितों के अनुसार, इस दिन दान का फल कई गुना बढ़ जाता है और पुण्य का लाभ परिवार और पूर्वजों तक पहुंचता है। अयोध्या के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं, जो भक्ति और आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं।