अयोध्या न्यूज डेस्क: हरियाणा के हिसार और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच हवाई संपर्क अब और बेहतर हो गया है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई। यह हवाई सेवा शुक्रवार और रविवार को नियमित रूप से संचालित की जाएगी। इस नई कनेक्टिविटी से दोनों शहरों के बीच यात्रियों को न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि अयोध्या में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी नया आयाम मिलेगा।
अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जब यह उड़ान दोपहर 12:35 बजे उतरी तो इसका भव्य स्वागत 'वॉटर कैनन सैल्यूट' के जरिए किया गया। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार समेत स्टाफ ने यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। एक छोटा-सा समारोह आयोजित किया गया जिसमें यात्रियों को गुलाब के फूल भेंट किए गए, माथे पर तिलक लगाया गया और केक काटने की रस्म भी निभाई गई। जय श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
इस उड़ान में एटीआर 72 सीटर विमान का इस्तेमाल किया गया, जिसमें कुल 72 सीटें हैं। पहली उड़ान में 61 यात्री हिसार से अयोध्या पहुंचे, जबकि वापसी में 42 यात्रियों ने हिसार के लिए उड़ान भरी। विमान दोपहर 1 बजे अयोध्या से लौटता है और दोनों शहरों के बीच कुल यात्रा समय लगभग एक घंटा 45 मिनट का है। अधिकारियों का मानना है कि पहले ही दिन इतनी संख्या में यात्रियों का आना इस सेवा की अच्छी शुरुआत को दर्शाता है।
यात्रियों की प्रतिक्रिया भी काफी उत्साहजनक रही। हिसार से आए यात्री कुणाल ने कहा कि योगी सरकार ने छोटे शहरों को जो हवाई सेवा का सपना दिखाया था, वह अब साकार हो गया है। रेनू गिल ने खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया, वहीं अदिति गोयल ने हरियाणवी में कहा, "प्रधानमंत्री हो तो नरेंद्र मोदी जैसा।" यात्रियों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह यह बता रहा था कि यह उड़ान उनके लिए केवल एक यात्रा नहीं, एक नई उम्मीद की उड़ान है।