अयोध्या न्यूज डेस्क: अयोध्या में शुक्रवार भोर से ही मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ बादलों की गरज और रुक-रुक कर हुई बारिश ने शहर का माहौल सुहावना बना दिया। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है। बारिश के कारण जहां जनजीवन पर हल्का असर देखने को मिला, वहीं श्रद्धालुओं के चेहरे पर भी सुकून नजर आया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। धर्मनगरी अयोध्या में पिछले दो दिनों से ही गर्मी का असर कम हो रहा है।
बारिश से लोगों की आवाजाही कुछ कम हुई है, लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भक्तों का पहुंचना जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग, अयोध्या के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति 4.4 किलोमीटर प्रति घंटा और दिशा उत्तरी-पूर्वी रही। आर्द्रता अधिकतम 83 प्रतिशत और न्यूनतम 70 प्रतिशत रही।