गोसाईंगंज में भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, छह घायल
Photo Source : Google Gosainganj Accident, Road Mishap, Ambedkar Nagar, Manish Rajbhar, Uttar Pradesh News, E-Rickshaw Collision
अयोध्या न्यूज डेस्क: गोसाईंगंज-अमसिन मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंकारीपुर मजरा के देवगिरिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के बाला पैकौली निवासी 20 वर्षीय मनीष राजभर के रूप में हुई है। वहीं ई-रिक्शा पर सवार नंदलाल, सुरजीत, लाली देवी, राम शंकर, निखिल, सीतापति और राजमणि घायल बताए गए हैं। इनमें सुरजीत और नंदलाल की हालत गंभीर है।
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोसाईंगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक शारदेंदु दुबे ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।