अयोध्या न्यूज डेस्क: धार्मिक नगरी अयोध्या इन दिनों भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप की चपेट में है, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंच गया है। आसमान से बरसती आग के कारण धरती इस कदर जल रही है कि रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। रामपथ और दर्शन मार्ग पर आस्था का ऐसा सैलाब देखने को मिल रहा है जहां भीषण तपन के बावजूद श्रद्धालु नंगे पांव चलने को मजबूर हैं और फर्श गर्म होने के कारण दौड़ते नजर आ रहे हैं।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मुख्य मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में गर्मी और लू (हीट वेव) का प्रकोप लगातार आक्रामक रूप ले रहा है। बीते बुधवार को अयोध्या का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा था। वहीं, रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी देखी गई और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक यानी 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हवा में अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 78 प्रतिशत और न्यूनतम 38 प्रतिशत दर्ज की गई है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी दिशा से 3.3 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे उमस और तपन में और इजाफा हुआ है। पिछले 24 घंटों में इस पूरे क्षेत्र में बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी है, जिसके कारण शुष्कता लगातार बढ़ती जा रही है।
आगामी मौसम के पूर्वानुमान को लेकर डॉ. मिश्रा ने सचेत किया है कि अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा और तेज लू चलने के आसार हैं। उन्होंने भीषण दोपहर के समय आम जनता और विशेषकर खेतों में काम करने वाले किसानों को सीधे धूप और गर्म थपेड़ों से बचने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लगातार पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहने की अपील की है।